HomeArticlesAstro Articlesकुंडली के पाँचवें घर से किन-किन विषयों को जान सकते हैं।।

कुंडली के पाँचवें घर से किन-किन विषयों को जान सकते हैं।।

कुंडली के पाँचवें घर से किन-किन विषयों को जान सकते हैं।। Kundli Ke Paanchve Ghar Se Janane Ki Baten.

पञ्चम भाव का ज्योतिषीय परिचय।। Introduction.

मित्रों, जन्मकुंडली के बारह भावों में पञ्चम भाव को पुत्र भाव, विद्या भाव और बुद्धि भाव भी कहा जाता है। जातक की बुद्धि कैसी है, उसे संतान का सुख मिलेगा या नहीं और उसके पूर्व जन्म के पुण्य कैसे हैं। इन सभी विषयों की जानकारी भी इसी भाव से मिलता है। यह पञ्चम भाव कुंडली के सबसे शुभ भावों में गिना जाता है। इसीलिए ज्योतिषी इस भाव को विशेष महत्व देते हैं।।

कुंडली में चतुर्थ भाव के बाद आने वाला पाँचवाँ भाव त्रिकोण भाव कहलाता है। लग्न, पञ्चम और नवम, ये तीनों भाव त्रिकोण माने गए हैं। और इन्हें लक्ष्मी का स्थान भी कहा गया है। त्रिकोण भावों में बैठे ग्रह या उनके स्वामी बने ग्रह जातक को ज्यादातर शुभ फल ही प्रदान करते हैं। इसी कारण पञ्चम भाव का बलवान होना जीवन में भाग्य और सफलता का आधार माना जाता है।।

इस पञ्चम भाव से जातक की बुद्धि, विद्या, संतान, मंत्र-साधना और इष्ट देव का भी विचार किया जाता है। साथ ही प्रेम-संबंध, मनोरंजन, कला और रचनात्मक क्षमता का संकेत भी इसी पञ्चम भाव से ही मिलता है। पूर्व जन्म में किए गए पुण्य-कर्मों का फल इस जन्म में कैसा मिलेगा। यह भी पञ्चम भाव से ही देखा जाता है। परम्परा में उदर का विचार भी इसी भाव से किया जाता है।।

इसलिए पञ्चम भाव और उसके स्वामी की स्थिति को समझे बिना कुंडली का फलादेश अधूरा ही रहता है। यदि यह भाव बलवान हो तो जातक बुद्धिमान, सफल और संतान-सुख से युक्त होता है। यदि इस पञ्चम भाव पर अशुभ प्रभाव हो तो ग्रहों के उपाय द्वारा उसे अनुकूल बनाया जा सकता है। इस लेख में हम पञ्चम भाव से जानने योग्य सभी प्रमुख विषयों को क्रमबद्ध रूप से समझेंगे।।

बुद्धि और विद्या का विचार।। Intellect and Education.

मित्रों, पञ्चम भाव को बुद्धि और विद्या का मुख्य भाव भी माना गया है। जातक की सोचने-समझने की शक्ति, उसकी स्मरण-शक्ति और उसकी विश्लेषण-क्षमता का विचार इसी भाव से किया जाता है। यदि पंचम भाव और पंचमेश बलवान हों तो जातक तीव्र बुद्धि वाला और विद्या प्राप्ति में भी सफल होता है। ऐसे व्यक्ति कठिन से कठिन विषय को भी सहजता से समझ लेते हैं।।

इतना ही नहीं उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षा और अनुसंधान जैसे बौद्धिक कार्यों में सफलता का संकेत भी इसी भाव से किया जाता है। बुध और गुरु का शुभ प्रभाव भी इस पञ्चम भाव पर हो तो शिक्षा के क्षेत्र में विशेष उन्नति होती है। सूर्य का शुभ प्रभाव जातक को निर्णय-शक्ति और नेतृत्व की बुद्धि भी प्रदान करता है। इसलिए विद्या के विचार में इन ग्रहों की स्थिति देखना आवश्यक माना गया है।।

यदि पञ्चम भाव पर शनि, राहु या केतु का अशुभ प्रभाव हो तो शिक्षा में बाधा या एकाग्रता की कमी की स्थिति भी बन जाती है। ऐसे में बुध, गुरु और पञ्चमेश के उपाय श्रद्धापूर्वक करने चाहिए। गायत्री मंत्र का जप और श्री गणेश जी की उपासना ज्योतिष में बुद्धि को प्रखर करने वाली उपाय मानी गई है।।

संतान का विचार।। Children.

मित्रों, पञ्चम भाव को पुत्र भाव या संतान भाव भी कहा जाता है। इससे जातक को संतान का सुख मिलेगा या नहीं, संतान का स्वभाव कैसा होगा? उसके पुत्रों या पुत्री से संबंध कैसे रहेंगे, इसका विचार भी किया जाता है। यदि पञ्चम भाव, पञ्चमेश और संतान के कारक गुरु बलवान हों तो संतान-सुख के शुभ योग बनते हैं। ऐसे जातक को संतान से सहयोग और सम्मान भी प्राप्त होता है।।

यदि पञ्चम भाव पर शनि, राहु, केतु या मंगल जैसे पाप ग्रहों का अशुभ प्रभाव हो तो संतान-प्राप्ति में देरी या बाधा के संकेत ज्योतिष में बताए गए हैं। पञ्चमेश का षष्ठ, अष्टम या द्वादश भाव में जाना भी इसी प्रकार का संकेत माना गया है। परन्तु ऐसा फलादेश सम्पूर्ण जन्मकुंडली को विधिपूर्वक देखकर ही किया जा सकता है। उपायों द्वारा इस अशुभ प्रभाव को बहुत हद तक अनुकूल भी बनाया जा सकता है।।

संतान-सुख के लिए ज्योतिष में गुरुवार का व्रत, भगवान विष्णु की उपासना और संतान गोपाल मंत्र का जप बताया गया है। साथ ही हरिवंश पुराण और श्रीमद्भागवत महापूराण के श्रवण का महत्व भी माना गया है। ये सभी उपाय किसी विद्वान ज्योतिषी की सन्निधि में वैदिक ब्राह्मणों द्वारा विधिपूर्वक करवाने चाहिए।।

पूर्व जन्म के पुण्य और मंत्र-साधना का विचार।। Past Merit and Mantra Sadhana.

मित्रों, पञ्चम भाव को पूर्व जन्म के पुण्य का भाव भी कहा गया है। इस जन्म में जो भी विशेष योग्यता, सौभाग्य और बिना प्रयास के मिलने वाले अवसर दिखाई देते हैं। उनका संकेत भी पञ्चम भाव से ही मिलता है। यदि यह भाव बलवान और शुभ हो तो जातक को पूर्व जन्म के पुण्य का फल इस जीवन में सहज ही प्राप्त होता है। इसीलिए इसे भाग्य के आधार के रूप में भी देखा जाता है।।

इस पञ्चम भाव से जातक के इष्ट देव और मंत्र-साधना में उसकी प्रगति का विचार भी किया जाता है। यदि पञ्चम भाव पर गुरु, सूर्य और चंद्रमा का शुभ प्रभाव हो तो जातक की उपासना में गहरी रुचि होती है। ऐसे व्यक्ति मंत्र-जप और साधना से शीघ्र शुभ फल प्राप्त कर पाते हैं। इसलिए आध्यात्मिक उन्नति के विचार में भी पञ्चम भाव का विश्लेषण अत्यन्त उपयोगी माना गया है।।

प्रेम, कला और मनोरंजन का विचार।। Love, Arts and Entertainment.

मित्रों, पञ्चम भाव से प्रेम-संबंधों का विचार किया जाता है। जातक के प्रेम-संबंध कैसे रहेंगे, उसमें स्थायित्व रहेगा या नहीं? इसका संकेत भी इसी पञ्चम भाव से ही मिलता है। जब पंचमेश और सप्तमेश का शुभ संबंध बनता है तो प्रेमिका से ही विवाह का योग बनता है। शुक्र का शुभ प्रभाव पंचम भाव पर हो तो प्रेम में मधुरता और सफलता मिलती है। जिसके फलस्वरुप जीवन पर्यन्त विवाह चलता है।।

कला, संगीत, अभिनय, खेल और मनोरंजन जैसे रचनात्मक क्षेत्रों का विचार भी इसी भाव से किया जाता है। यदि पञ्चम भाव बलवान हो तो जातक अपनी रचनात्मकता से नाम और यश प्राप्त कर लेता है। इसी भाव से सट्टा, शेयर और अचानक लाभ वाले क्षेत्रों का संकेत भी देखा जाता है। परन्तु इन विषयों में जोखिम का स्वभाव भी साथ रहता है। इसलिए ग्रहों की स्थिति देखकर ही चलना शुभ माना गया है।।

पंचम भाव के कारक ग्रह।। Significator Planets of the Fifth House.

मित्रों, ज्योतिष में गुरु को पञ्चम भाव का प्रमुख कारक ग्रह माना गया है। यह संतान, विद्या और ज्ञान का कारक ग्रह भी है। जब गुरु बलवान और शुभ स्थिति में हो तो जातक को संतान-सुख, ज्ञान और मान-सम्मान भी प्राप्त होता है। इसलिए पञ्चम भाव के विचार में गुरु की स्थिति को गहराई से देखना भी अत्यन्त आवश्यक होता है।।

बुध को बुद्धि और विद्या का कारक ग्रह माना गया है। इसलिए पञ्चम भाव के विचार में बुध का भी बड़ा महत्व होता है। सूर्य पञ्चम भाव की सिंह राशि का स्वामी है और निर्णय-शक्ति का कारक ग्रह भी है। शुक्र प्रेम और कला का तथा चंद्रमा मन का कारक ग्रह माना गया है। इन सभी ग्रहों का शुभ और बलवान होना पंचम भाव के फल को श्रेष्ठ बनाता है।।

पञ्चमेश का विभिन्न भावों में फल।। Results of the Fifth Lord in Different Houses.

मित्रों, पञ्चमेश जिस भाव में बैठता है, उसके अनुसार जातक की बुद्धि और संतान का फल बदल जाता है। लग्न में हो तो जातक बुद्धिमान, तेजस्वी और लोकप्रिय होता है। द्वितीय भाव में हो तो विद्या और वाणी से धन की प्राप्ति होती है। तृतीय भाव में हो तो रचनात्मक कार्यों में अधिक परिश्रम करके ही शुभ फल प्राप्त किया जा सकता है।।

चतुर्थ भाव में हो तो शिक्षा, माता और गृह का सुख श्रेष्ठ होता है। पञ्चम भाव में ही हो तो बुद्धि और संतान का सुख बढ़ता है। षष्ठ भाव में हो तो शिक्षा में प्रतियोगिता या संतान के विषय में परिश्रम की स्थिति बनती है। सप्तम भाव में होने पर प्रेम-विवाह और सुखद दाम्पत्य के योग बनते हैं।।

अष्टम भाव में हो तो गूढ़ विद्या में रुचि और जीवन में उतार-चढ़ाव रहता है। नवम भाव में हो तो भाग्य, धर्म और उच्च शिक्षा में उन्नति होती है। दशम भाव में हो तो कर्म और पद के क्षेत्र में बुद्धि से सफलता मिलती है। एकादश भाव में हो तो बुद्धि से लाभ होता है, जबकि द्वादश भाव में होने पर विदेश से शिक्षा या बहुत अधिक खर्च के संकेत मिलते हैं।।

पञ्चम भाव के शुभ और अशुभ योग।। Auspicious and Inauspicious Yogas.

मित्रों, यदि पञ्चम भाव में शुभ ग्रह बैठे हों या उस पर गुरु, बुध और शुक्र की शुभ दृष्टि पड़ रही हो तो जातक बुद्धिमान, यशस्वी और संतान-सुख से युक्त होता है। पञ्चमेश और लग्नेश का परस्पर शुभ संबंध जातक को अपनी बुद्धि के बल पर आगे बढ़ाने वाला माना गया है। पञ्चमेश का केंद्र या त्रिकोण में बलवान होना भी अत्यन्त शुभ होता है।।

यदि पञ्चमेश छठे, आठवें या बारहवें घर में चला जाए और पाप ग्रहों से पीड़ित हो तो शिक्षा या संतान के विषय में बाधा का संकेत माना गया है। पञ्चम भाव पर राहु, केतु या शनि का अशुभ प्रभाव मन की चंचलता और निर्णय में भ्रम का कारण भी बन जाता है। परन्तु ऐसा फलादेश सम्पूर्ण कुंडली को विधिपूर्वक देखकर ही किया जा सकता है।।

पञ्चमेश और नवमेश का परस्पर संबंध अत्यन्त शुभ योग माना गया है। क्योंकि दोनों त्रिकोण भावों के स्वामी होते हैं। यह योग जातक को भाग्य और बुद्धि दोनों का बल प्रदान करता है। पञ्चमेश और दशमेश का शुभ संबंध करियर में उन्नति और सम्मान का सूचक होता है।।

दशा-गोचर से समय।। Timing through Dasha-Transit.

मित्रों, पञ्चमेश या पञ्चम भाव में बैठे ग्रहों की दशा में विद्या, संतान, प्रेम और उपासना से जुड़ी घटनाएँ अधिक सक्रिय हो जाती हैं। शुभ दशा में शिक्षा में सफलता और संतान-सुख के अवसर सहज ही बनने लगते हैं। जबकि अशुभ दशा में परिश्रम का फल देर से ही सही परन्तु मिलता अवश्य है।।

गोचर में गुरु का शुभ प्रभाव पञ्चम भाव या पञ्चमेश पर पड़े तो संतान, शिक्षा और सम्मान के अवसर भी बनते हैं। शनि के गोचर में परिश्रम और परीक्षा का समय रहता है। जिसके बाद स्थायी फल प्राप्त होने लगता है। किसी निश्चित समय का स्पष्ट फलादेश आपकी जन्मकुंडली को स्पष्टता से देखकर ही किया जा सकता है।।

पञ्चम भाव को बलवान बनाने के वैदिक उपाय।। Vedic Remedies to Strengthen the Fifth House.

मित्रों, गुरुवार को भगवान विष्णु की उपासना और गुरु देवता के मंत्र का जप पञ्चम भाव के कारक गुरु को बल देने वाला माना गया है। गायत्री मंत्र का नियमित जप बुद्धि को प्रखर बनाने के लिए श्रेष्ठ बताया गया है। बुधवार को श्री गणेश जी की आराधना विद्या और बुद्धि की वृद्धि के लिए प्रसिद्ध मानी जाती है। रविवार को सूर्य को सूर्यार्घ्य देना भी शुभ माना गया है।।

संतान और बुद्धि की वृद्धि के लिए बड़ों और गुरुजनों का सम्मान तथा आशीर्वाद सबसे बड़ा उपाय होता है। अपनी सामर्थ्य के अनुसार पीली वस्तुओं, पुस्तकों और अन्न का दान उत्तम माना गया है। कोई भी रत्न बिना कुंडली देखे नहों पहनना चाहिए। ग्रहों के कोई भी उपाय किसी कुशल, योग्य और विद्वान ज्योतिषी की सन्निधि में वैदिक ब्राह्मणों द्वारा विधिपूर्वक करवाने चाहिए।।

शास्त्रीय प्रमाण।। Scriptural Evidence.

मित्रों, बृहत्पाराशर होरा शास्त्र में पञ्चम भाव को पुत्र, बुद्धि, विद्या और मंत्र का भाव बताया गया है। इसी में पूर्व जन्म के पुण्य, प्रेम और उदर-स्थान का विचार भी इसी भाव से करने का निर्देश मिलता है। फलदीपिका और जातक पारिजात जैसे ग्रंथों में भी पञ्चम भाव और पञ्चमेश के विभिन्न भावों में फल का वर्णन मिलता है।।

भारतीय परम्परा में बुद्धि की प्रार्थना को विशेष महत्व दिया गया है। वेदों के प्रसिद्ध गायत्री मंत्र में बुद्धि को सन्मार्ग पर प्रेरित करने की प्रार्थना की गई है। रामायण में महाराज दशरथ द्वारा पुत्र-प्राप्ति के लिए पुत्रेष्टि यज्ञ करने का वर्णन भी मिलता है। इसलिए सार यही है कि कुंडली के उपायों के साथ ही श्रद्धा, उपासना और सद्बुद्धि जीवन में संतान और सफलता का आधार बनते हैं।।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न।। Frequently Asked Questions (FAQ).

प्रश्न 1. कुंडली के पञ्चम भाव से किन विषयों का विचार किया जाता है?।। What subjects are judged from the fifth house of a horoscope?

उत्तर:- पञ्चम भाव से बुद्धि, विद्या, संतान, पूर्व जन्म के पुण्य, मंत्र-साधना, प्रेम, कला और मनोरंजन का विचार किया जाता है। ज्योतिष में उदर-स्थान का विचार भी इसी पञ्चम भाव से होता है।।

प्रश्न 2. पञ्चम भाव को पुत्र भाव क्यों कहा जाता है?।। Why is the fifth house called the house of children?

उत्तर:- क्योंकि यह जातक की संतान का भाव भी है। संतान के कारक गुरु और पञ्चमेश की स्थिति से संतान-सुख का विचार किया जाता है।।

प्रश्न 3. पञ्चम भाव के कारक ग्रह कौन से माने जाते हैं?।। Which planets are considered significators of the fifth house?

उत्तर:- गुरु को संतान और ज्ञान का प्रमुख कारक ग्रह माना जाता है। बुध बुद्धि का, सूर्य निर्णय-शक्ति का और शुक्र प्रेम का कारक ग्रह है। सम्पूर्ण फल पूरी कुंडली देखकर ही बताया जा सकता है।।

प्रश्न 4. पञ्चम भाव कमजोर हो तो क्या होता है?।। What happens if the fifth house is weak?

उत्तर:- शिक्षा में बाधा, संतान-सुख में विलंब या मन की चंचलता की स्थिति बन सकती है। ऐसे में गुरु, बुध और पञ्चमेश से सम्बंधित उपाय करना शुभ माने जाते हैं।।

प्रश्न 5. पञ्चम भाव को बलवान बनाने के लिए कौन से उपाय सहायक होते हैं?।। Which remedies help in strengthening the fifth house?

उत्तर:- गुरुवार को विष्णु उपासना, गायत्री मंत्र का जप और बुधवार को श्रीगणेश जी की आराधना ज्योतिष में बताए गए हैं। बड़ों और गुरुजनों का आशीर्वाद भी सबसे बड़ा उपाय माना जाता है।।

लेख का निष्कर्ष।। Conclusion.

मित्रों, पञ्चम भाव से बुद्धि, विद्या, संतान, पूर्व जन्म के पुण्य, मंत्र-साधना, प्रेम और कला जैसे अनेक विषयों का विचार किया जाता है। इसके साथ ही पञ्चमेश, गुरु, बुध, सूर्य और दशा का संयुक्त विचार करना आवश्यक होता है। किसी एक योग से निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होता है। और यहाँ मैं यही कहूँगा कि पंचम भाव की स्थिति समझ लेने से जीवन के अनेक निर्णयों में बहुत सहायता मिलती है।।

इसलिए मेरी आपको यही सलाह है कि पञ्चम भाव और पञ्चमेश के विश्लेषण तथा उपायों के लिए किसी विद्वान, योग्य और अनुभवी ज्योतिषाचार्य से जन्मकुंडली का विधिपूर्वक विश्लेषण करवाना चाहिए। उन्हीं के मार्गदर्शन में श्रद्धा और नियम से उपाय करने पर शुभ फल की प्राप्ति होती है।।

#कुण्डली_के_पाँचवें_घर_से_किन_किन_विषयों_को_जान_सकते_हैं #कुण्डली_में_पंचम_भाव #पुत्र_भाव_का_फल #बुद्धि_और_संतान_का_भाव #पंचमेश_का_फल #Fifth_House_In_Kundli #Putra_Bhava #Vidya_Bhava #Fifth_Lord_Results #Fifth_House_Remedies_Astrology

ज्योतिष के सभी पहलू पर विस्तृत समझाकर बताया गया बहुत सा हमारा विडियो हमारे  YouTube के चैनल पर देखें । इस लिंक पर क्लिक करके हमारे सभी विडियोज को देख सकते हैं – Click Here & Watch My YouTube Channel.

इस तरह की अन्य बहुत सारी जानकारियों, ज्योतिष के बहुत से लेख, टिप्स & ट्रिक्स पढने के लिये हमारे ब्लॉग एवं वेबसाइट पर जायें तथा हमारे फेसबुक पेज को अवश्य लाइक करें, प्लीज – My facebook Page.

वास्तु विजिटिंग के लिये तथा अपनी कुण्डली दिखाकर उचित सलाह लेने एवं अपनी कुण्डली बनवाने अथवा किसी विशिष्ट मनोकामना की पूर्ति के लिए संपर्क करें ।।

किसी भी तरह के पूजा-पाठ, विधी-विधान, ग्रह दोष शान्ति आदि के लिए तथा बड़े से बड़े अनुष्ठान हेतु योग्य एवं विद्वान् ब्राह्मण हमारे यहाँ उपलब्ध हैं ।।
 
संपर्क करें:- बालाजी ज्योतिष केन्द्र, गायत्री मंदिर के बाजु में, मेन रोड़, मन्दिर फलिया, आमली, सिलवासा ।।
 
WhatsAap & Call: +91 – 8690 522 111.
E-Mail :: balajijyotish11@gmail.com
Balaji Jyotish Kendra
Balaji Jyotish Kendrahttp://balajijyotish.com
Balaji Jyotish Kendra par Vedic Astrology, Kundli Analysis, Horoscope Reading aur Astro Remedies step-by-step. Online astrology classes, practical training aur expert guidance ke saath apni jyotish knowledge ko professional level tak Pahuchaye. Contact Us.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments